ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति (रजि.) उत्तर प्रदेश द्वारा शनिवार को होटल निविशका इन में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मथुरा यातायात पुलिसकर्मी मुख्य आरक्षी कुलदीप मलिक को उनके साहसिक कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि 30 सितंबर 2025 को तेज बारिश के दौरान नए बस स्टैंड स्थित रेलवे पुल के नीचे पानी भर गया था। इस दौरान एक कार चालक ने गलती से अपनी कार को गहरे पानी में उतार दिया, जिससे उसकी जान खतरे में पड़ गई। मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी कुलदीप मलिक ने बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में छलांग लगाकर कार सवार को सकुशल बाहर निकाला। उनके इस साहसिक कदम की पूरे शहर में सराहना की जा रही है।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि समिति समय-समय पर समाज के लिए विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करती रही है। अब तक लगभग 3000 लोगों को इस मंच से सम्मान मिल चुका है। उन्होंने कहा कि कुलदीप मलिक का यह कार्य मानवता की मिसाल है और समाज के लिए प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद एवं महिला प्रदेश अध्यक्ष श्वेता शर्मा ने कहा कि कुलदीप मलिक ने साबित किया है कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है। ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करने की प्रेरणा मिलती है।
सम्मान ग्रहण करते हुए कुलदीप मलिक ने समिति और उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारी और बढ़ा देता है कि वे आगे भी समाज की सेवा के लिए तत्पर रहें।
इस अवसर पर मथुरा यातायात पुलिस निरीक्षक शौर्य कुमार, बीएसए चौकी इंचार्ज अजय कुमार, उप निरीक्षक मुस्तक मेहंदी, टीएसआई रमेश चन्द्र, आरक्षी जितेंद्र, चंद्र मोहन दीक्षित, दीपक सारस्वत, बाइकर पूजा यादव, सोनू चौधरी, सुरेश गुप्ता, विजय चौधरी, मनीष नौहवार एडवोकेट, पूजा वर्मा, दीक्षा शर्मा, नरेंद्र दीक्षित, हेमंत अग्रवाल, गगन अग्रवाल समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।