Tuesday, March 31, 2026

बरेली न्यूज: उपद्रव के आरोपी सपा पार्षद का कांप्लेक्स सील, चार्जिंग स्टेशन ध्वस्त

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 1, 2025

बरेली न्यूज: उपद्रव के आरोपी सपा पार्षद का कांप्लेक्स सील, चार्जिंग स्टेशन ध्वस्त

बरेली शहर में 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद मौलाना तौकीर रजा और उसके करीबियों पर लगातार कार्रवाई जारी है। नगर निगम और बीडीए की टीमें मंगलवार को सुबह से अलग-अलग कार्रवाई को लेकर सक्रिय रहीं। बीडीए की टीम ने नरियावल स्थित जरी कारोबारी का बरात घर सील कर दिया। वहीं, दोपहर को कोहाड़ापीर स्थित सपा पार्षद का कांप्लेक्स सील किया गया। वहीं, सुर्खा रजा चौक में नाले के ऊपर अवैध रूप से चल रहा सपा पार्षद का ई-चार्जिंग स्टेशन नगर निगम की टीम ने ध्वस्त कर दिया।

बीडीए ने बिना नक्शा पास कराए संचालित जरी कारोबारी का मैरिज हॉल किया सील

संयुक्त सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता मनोज कुमार सिंह, धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता सीताराम एवं प्रवर्तन टीम मंगलवार दोपहर करीब दो बजे फायर बिग्रेड समेत और प्रशासनिक अफसरों के साथ बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के नरियावल पहुंची। यहां जरी कारोबारी हाजी शराफत का बिना बरेली विकास प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृति के एक हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में बने हमसफर बरातघर का संचालन किया जा रहा था। बीडीए की टीम ने बरातघर को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार बिना बरेली विकास प्राधिकरण की अनुमति प्राप्त किए किए गए निर्माण उप्र नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं का उल्लंघन है।

बगैर नक्शा पास कराए किया था कॉम्पलेक्स का निर्माण

इसके बाद बीडीए, नगर निगम, प्रशासन और पुलिस अफसरों की संयुक्त टीम सपा पार्षद ओमान रजा के कोहाड़ापीर स्थित सैनेटरी सामान के कांप्लेक्स में पहुंची। इस कांप्लेक्स का निर्माण भी बीडीए के मानकों के अनुसार नहीं किया गया था। टीम ने इसे भी सील कर दिया। बीडीए की कार्रवाई के दौरान कोई किसी तरह का विरोध नहीं हुआ।

नाले के ऊपर संचालित किया जा रहा था ई-चार्जिंग स्टेशन

अपराह्न करीब तीन बजे अफसरों की टीम पुलिस बल के साथ सपा पार्षद ओमान रजा के सुर्खा मोहल्ले के रजा चौकी स्थित आवास के पास बने आवासीय भवन में पहुंची। यहां नाले की जमीन पर बने गोदाम में पार्षद की ओर से अवैध ई-चार्जिंग स्टेशन संचालित किया जा रहा था। हालांकि उस वक्त गोदाम के गेट पर ताला लगा था, लेकिन बाहर एक दर्जन से अधिक ई-रिक्शा खड़े थे। नगर निगम की टीम ने बुलडोजर से चार्जिंग स्टेशन को ध्वस्त कर दिया। दिन भर चली कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री और सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम आदि अफसर मौजूद रहे।

हमारा उनसे कोई रिश्ता नहीं, खुद तौकीर मियां से पूछ लो

हमसफर बरा घर पर कार्रवाई के बाद मौके पर पहुंचे बरात घर के मालिक हाजी शराफत ने कहा कि उनका मौलाना तौकीर रजा से किसी प्रकार का कोई रिश्ता नहीं है। अगर जानकारी करनी है तो इसकी पुष्टि तौकीर मियां से पूछकर की जा सकती है। बीडीए से नक्शा पास क्यों नहीं कराया गया, इस सवाल के जवाब पर उन्होंने चुप्पी साध ली।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.