जागरण टुडे, कासगंज।
थाना सोरों के पाठकपुर स्थित माता रानी मंदिर परिसर में मिशन शक्ति फेस-5 के अंतर्गत एक जागरूकता मीटिंग का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सोरों द्वारा की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने सहभागिता की। उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला शक्ति हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), और 1098 (बाल सहायता) की जानकारी दी गई। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, कन्या सुमंगल योजना आदि पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
इसके अतिरिक्त, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, पारिवारिक समस्याओं से निपटने के कानूनी उपायों तथा युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और सामाजिक स्तर पर भी हानिकारक होता है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना एवं युवाओं को समाज के लिए सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना था।
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामवासियों ने भी कार्यक्रम की सराहना की और मिशन शक्ति के प्रति उत्साह दिखाई दिया।