विकास श्रीवास्तव
बदायूं भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की जिला स्तरीय संगोष्ठी भाजपा कार्यालय पर संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा और जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने अभियान के महत्व को रेखांकित किया।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भारत अब किसी भी देश पर निर्भर नहीं रहेगा। आत्मनिर्भर भारत अभियान देश को आर्थिक, सामाजिक और वैचारिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग स्वदेशी अपनाने से ही निकलेगा।
इस अभियान का नारा “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” जन-जन को आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत 28 से 30 सितंबर तक मंडल कार्यशालाएं, 7-8 अक्टूबर को जिला स्तरीय प्रेसवार्ता, 16-30 अक्टूबर के बीच युवा एवं महिला सम्मेलन, और 1-15 नवंबर तक प्रोफेशनल मीट का आयोजन प्रस्तावित है।
साथ ही, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स को जोड़कर स्वदेशी उत्पादों का प्रचार किया जाएगा। कॉलेजों में "स्वदेशी बनाम विदेशी" विषय पर संगोष्ठियों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत एम्बेसडर तैयार किए जाएंगे। ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत स्वदेशी मेले, स्ट्रीट वेंडर सम्मेलन और पदयात्राओं का भी आयोजन होगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा ने इसे सिर्फ आर्थिक पहल नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "लोकल के लिए वोकल" आह्वान को धरातल पर उतारने के लिए यह अभियान मील का पत्थर सिद्ध होगा।
इस अवसर पर जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा के वरिष्ठ नेता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।