-सात वर्ष पूर्ण होने पर मनाया गया आयुष्मान भारत दिवस,
-उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
गुड्डू यादव, कासगंज।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में मंगलवार को आयुष्मान भारत - प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के सात वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में "आयुष्मान भारत दिवस" मनाया गया। इस अवसर पर अलीगढ़ मंडल के अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, डॉ. देवेंद्र वाष्णेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। कासगंज जिले में अब तक 3,82,148 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। पिछले सात वर्षों में 10,647 लाभार्थियों ने योजना के तहत 23 करोड़ रुपये तक का मुफ्त इलाज प्राप्त किया है।
कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले निजी व सरकारी चिकित्सालयों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक राजेश कुमार मिश्रा को आयुष्मान कार्ड प्रदान कर योजना से जोड़ने का कार्य भी किया गया।
डीजीएम संजय दीक्षित ने बताया कि जिले में तीन निजी और छह सरकारी चिकित्सालयों को योजना में इम्पैनल किया गया है। कार्यक्रम के सफल संचालन में एसीएमओ डॉ. मनोज कुमार शुक्ला, नोडल अधिकारी डॉ. उत्कर्ष यादव, डीपीसी डॉ. सरताज अली समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक उपस्थित रहे।