जागरण टुडे, अर्पन उपाध्याय,
कासगंज।
जिले की पटियाली तहसील क्षेत्र में संचालित सावित्री अस्पताल में प्रसव ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर निरीक्षण कर अस्पताल को सीज कर दिया।
पटियाली तहसील क्षेत्र के गांव नकारा योगेश निवासी 20 वर्षीय करीना को प्रसव पीड़ा होने पर सावित्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि अस्पताल संचालक ने बाहर से बुलाए गए चिकित्सक से ऑपरेशन कराया। ऑपरेशन के दौरान महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया, लेकिन करीब बीस मिनट बाद करीना की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने सही इलाज नहीं दिया और न ही उसे समय पर बेहतर अस्पताल रेफर किया। सुबह लगभग चार बजे करीना की मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम को अस्पताल में कोई चिकित्सक और स्टाफ मौजूद नहीं मिला। जांच के बाद अस्पताल को सीज कर नोटिस जारी किया गया।
अस्पताल संचालक महेश कुमार की पत्नी मीरा साहू ने कहा कि ऑपरेशन सफल रहा था, लेकिन महिला की मौत परिजनों द्वारा खिलाए गए कुछ खाने-पीने की वजह से हुई है। उन्होंने लापरवाही के आरोपों को निराधार बताया।
वर्जन
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. उत्कर्ष यादव ने बताया कि अस्पताल पंजीकृत है, लेकिन घटना के बाद चिकित्सक और स्टाफ फरार हो गए। इस कारण अस्पताल को सीज कर नोटिस जारी कर दिया गया है।