जागरण टुडे बरेली
प्रदेश सरकार के ''मिशन शक्ति अभियान फेज-5'' के तहत रविवार को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए पुलिस लाइन से बाइक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसने समाज के हर वर्ग तक नारी सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाया। रैली में महिला पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा और सीओ सिटी द्वितीय सोनाली मिश्रा ने रैली में सक्रिय रूप से भाग लिया।
एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक क्रांति है, जो महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत है। पुलिस विभाग ने महिलाओं और बालिकाओं के अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। नागरिकों से अपील की गई कि वे आपात स्थिति में वूमेन पावर लाइन 1090, इमरजेंसी सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, 1930, 181, 102, 108, 101 जैसी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि सोमवार से शारदीय नवरात्रि शुरू हो रहें है। इसके लिए सभी मंदिरों में युद्ध स्तर पर तैयारियां की गई है। कार्यक्रम में एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसपी उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्र, एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान, सीओ आशुतोष शिवम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गांव कस्बों के साथ स्कूल कॉलेज के आसपास चलेगा जागरूकता अभियान
अभियान के तहत महिला बीट अधिकारी, एंटी रोमियो टीम और महिला सुरक्षा विशेष दल गांवों, कस्बों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाएंगे। इसके अलावा साइबर सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराध से बचाव के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। वहीं आगामी दिनों में जिले में मिशन शक्ति 5.0 के तहत नुक्कड़ नाटक, संवाद गोष्ठियां और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।