मुख्यमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में मथुरा आए पीएसी के जवानों की बस में एक कैंटर ने टक्कर मार दी। इससे बस में सवार कई जवान जख्मी हो गए, जबकि कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मथुरा के फरह में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला में 19 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पधारे थे। सीएम योगी की सुरक्षा के लिए आगरा, एटा, मैनपुरी सहित कई जिले से पुलिस बल बुलाया गया था। विराट युवा सम्मेलन समाप्त होने के बाद दूसरे दिन शनिवार को पीएसी के जवान अपनी गाड़ी में वापस लखनऊ जा रहे थे।
तभी रास्ते में फराह रेलवे पुल के पास पीएसी की गाड़ी में पीछे से आए कैंटर ने टक्कर मार दी, जिससे पीएसी की गाड़ी छतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे जवान जख्मी हो गए। गनीमत यह रही कि किसी जवान को ज्यादा चोट नहीं आई है। इस हादसे में केंटर के चालक गंभीर रूप से घायल होने हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फराह में भर्ती कराया गया है।
बताते हैं कि हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। बिंग कमांडर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बस में 52 जवान सवार थे, जो सभी सुरक्षित है। हाईवे पेट्रोलिंग पर तैनात डॉक्टर जगवीर सिंह ने बताया कि पीएसी के जवानों को बहुत हल्की चोट आई थी। गंभीर घायल हुए कैंटर परिचालक शुभव को हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है।