जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
सोरों तीर्थनगरी सूकर क्षेत्र सोरों के पावन वराह घाट पर अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ के तत्वावधान में देश के वीर बलिदानियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, साहित्यकारों और समाजसेवियों की पावन स्मृति में तर्पण कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
आचार्य शुभम मिश्रा ने विधिविधानपूर्वक तर्पण सम्पन्न कराया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गंगाजल से तर्पण कर राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेश शर्मा ने कहा कि यह तर्पण केवल श्रद्धांजलि नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए संदेश है कि हमें अपने इतिहास और महापुरुषों के बलिदान को सदा याद रखना चाहिए। संघ के प्रवक्ता अशोक पांडे ने कहा कि महापुरुषों के आदर्श अपनाना ही राष्ट्र सेवा है। इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देते हैं।
संघ के उपाध्यक्ष उमेश पाठक ने कहा कि सोरों की पावन धरती हम सबके लिए गर्व का विषय है। यहाँ होने वाले आयोजन धार्मिक और राष्ट्रीय चेतना दोनों का विकास करते हैं। वहीं संघ के जिला अध्यक्ष श्याम दीक्षित ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को एकजुट करते हैं और हमें राष्ट्रनिर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी का स्मरण कराते हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अशोक पांडे, उमेश पाठक, राधाकृष्ण विजय, सतीश बरवारिया, आशुतोष अमन, प्रमोद उपाध्याय, श्याम दीक्षित, रामदास विश्वकर्मा, कपिल पंडित सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने न केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर प्रदान किया, बल्कि समाज को अपने महान विरासत और राष्ट्रीय कर्तव्य का बोध भी कराया।
---