विकास श्रीवास्तव
बदायूं जिले में आगामी त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। शीर्ष नेतृत्व ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और वर्तमान महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव को जिला संयोजक नियुक्त किया है। यह निर्णय अचानक तब लिया गया जब पहले से घोषित संयोजक जोगेंद्र सिंह पटेल की नियुक्ति पर संगठन के भीतर विरोध की स्थिति बन गई।
सूत्रों के अनुसार, जोगेंद्र सिंह पटेल के नाम की घोषणा के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में असंतोष व्याप्त हो गया था। कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व से पुनर्विचार की मांग की थी। इस आपत्ति के चलते प्रदेश नेतृत्व ने स्थिति की समीक्षा करते हुए सुधीर श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया।
सुधीर श्रीवास्तव लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और जिले में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। ऐसे में त्रि-स्तरीय चुनाव जैसे महत्वपूर्ण राजनीतिक आयोजन की रणनीति तैयार करने के लिए यह बदलाव एक रणनीतिक निर्णय माना जा रहा है।
पूर्व की तरह सह-संयोजक की जिम्मेदारी आशीष शाक्य और संदीप चौहान को ही सौंपी गई है। दोनों नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूती देने का काम किया है।
यह बदलाव बताता है कि भाजपा नेतृत्व त्रि-स्तरीय चुनाव को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहता, और प्रत्येक स्तर पर मजबूत रणनीतिक टीम तैयार करने में जुटा है।
अब देखना होगा कि यह नई संयोजक टीम जिले में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और चुनावी तैयारी को किस दिशा में लेकर जाती है।