जागरण टुडे, बरेली। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित पैतृक घर पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी यूपी एसटीएफ और दिल्ली की स्पेशल सेल के बीच टॉनिका सिटी में हुई मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए। उन दोनों को फौरन अस्पताल ले जाया गया है। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एसटीएफ नोएडा यूनिट के एसपी राजकुमार मिश्र ने बताया कि बुधवार शाम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यूपी एसटीएफ की टीम और दिल्ली की स्पेशल सेल ने टानिका सिटी में दो बदमाशों को घेर लिया। टीम को देखते ही बदमाशों ने गोली चला दी, जिस पर एसटीएफ ने भी जबाबी फायरिंग की। गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया।
पकड़े गए आरोपियों में रोहतक का रहने वाला रविंद्र और इंडियन कॉलोनी गोहना रोड सोनीपत निवासी अरुण हैं। उनके पास दो विदेशी पिस्टल बरामद हुईं, जिनमें एक ग्लॉक और दूसरी जिगाना बताई जाती है। दोनों बदमाश गोल्डी बरार गैंग के सक्रिय सदस्य बताए जाते हैं। आरोप है कि इन्हीं दोनों ने 12 सितंबरको बरेली में फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के पैतृक घर पर फायरिंग की थी। तभी से एसटीएफ और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी था।
फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी का पैतृक घर बरेली शहर के सिविल लाइन इलाके में चौपुला के पास है। जहां उनके पिता एवं रिटायर सीओ जगदीश पाटनी, मां और बहन सेवानिवृत मेजर खुशबू पाटनी रहते हैं। छह दिन पहले 11 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनके घर फायरिंग की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों फरार हो गए थे। इस घटना की जिम्मेदारी मोबाइल पर मैसेज भेजकर गोल्डी बराड़ के गैंग ने ली थी। हालांकि जगदीश पाटनी ने बरेली कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। एसएसपी अनुराग आर्य ने एसपी सिटी मानुष पारीक और एसपी क्राइम के नेतृत्व में छह टीमें गठित की थीं।
फायरिंग के समय आरोपी अरुण सफेद शर्ट और रविंद्र नीले रंग की टीशर्ट पहने था
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले बदमाशों के मुठभेड़ में ढेर होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में दोनों बदमाश घायल हुए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों बदमाश कई सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए थे। वारदात के समय अरुण सफेद शर्ट पहने था, जबकि रविंद्र नीले रंग की टीशर्ट पहने था। पहचान करने के बाद दोनों बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की गई। अरुण और रविंद्र पेशेवर शूटर थे।
अभिनेत्री की बहन ने लड़कियों को लेकर दिए संतों के बयान पर की थी टिप्पणी
अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन एवं रिटायर मेजर खुशबू पाटनी फेसबुक सक्रिए रहती हैं। पिछले दिनों खुशबू पाटनी ने संत अनिरुद्धाचार्य ने लड़कियों पर दिए बयान पर तीखी टिप्पणी की थी। उनके इस बयान में अंग्रजी के शब्दों को लोगों ने मथुरा के संत प्रेमानंद के बयान से जोड़ दिया। फिर खुशबू को सोशल मीडिया पर खासा ट्रोल किया गया। खुशबू की इसी टिप्पणी के विरोध में उनके पैतृक घर पर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी गई थी।