Tuesday, March 31, 2026

कासगंज न्यूज: पंचायत के दौरान में दो रिश्तेदारों के बीच खूनी संघर्ष,छह लोग घायल

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 13, 2025

कासगंज न्यूज:  पंचायत के दौरान में दो  रिश्तेदारों के बीच खूनी संघर्ष,छह लोग घायल

कासगंज जिले के गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र की तेल मिल कॉलोनी में शनिवार सुबह पति-पत्नी के विवाद को लेकर पंचायत बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट शुरू हो गई। इस खूनी संघर्ष में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल कासगंज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, एटा जिले के थाना जैथरा क्षेत्र के नगला भूड़ निवासी अर्जुन पुत्र रामसनेही की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व पटियाली के नगला बख्शी निवासी जुगेन्द्र की पुत्री प्रभा से हुई थी। प्रभा बीते चार माह से मायके में रह रही थी। शुक्रवार शाम को उसके पिता जुगेन्द्र परिजनों के साथ उसे ससुराल वापस लाने के लिए गंजडुंडवारा पहुंचे थे।

शनिवार सुबह पंचायत के जरिए सुलह की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। प्रभा पक्ष का आरोप है कि अर्जुन के परिवार ने करीब 20 अज्ञात लोगों को बुलाकर हमला करवा दिया।

संघर्ष में प्रभा के पिता जुगेन्द्र (65), सत्यनारायण (45), अंकुर (22), रूम सिंह (65) और सौरभ (36) निवासी नगला बख्शी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं अर्जुन पक्ष की उमा देवी (45) निवासी नगला भूड़ भी गंभीर रूप से घायल हुईं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर भोजराज अवस्थी ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। स्थिति अब नियंत्रण में है और घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है।

प्रभा ने आरोप लगाया कि अर्जुन पिता की मृत्यु के बाद से उसे अपनाने को तैयार नहीं था, और कहता था कि यह विवाह उसकी मर्जी से नहीं हुआ। वहीं प्रभा के परिजनों का दावा है कि विवाह के समय चारपहिया वाहन और नकद राशि दी गई थी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.