जागरण टुडे, मथुरा। मथुरा में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए बनाए गए राहत शिविरों का शुक्रवार को मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जयसिंहपुरा स्थित रूहानी आश्रम में बने शिविर का दौरा कर वहां रह रहे लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अधीनस्थ अधिकारियों से कहा कि बच्चों के लिए दूध और फल का वितरण किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसी के साथ उन्होंने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को शिविरों में नियमित सफाई और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और डीआईजी ने खुद भी प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की और उनके साथ बैठकर भोजन परोसा। उन्होंने कहा कि “सरकार की प्राथमिकता है कि बाढ़ पीड़ितों को समय पर राहत और सुरक्षित ठिकाना मिले। किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने बिरला धर्मशाला स्थित शेल्टर होम का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों को राहत सामग्री वितरित की, जिसमें खाद्य पदार्थों के साथ रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं शामिल थीं।
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। प्रयास यही है कि आपदा से हुए नुकसान को कम किया जाए और प्रभावितों तक राहत समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पीड़ित परिवार तक सहायता सुनिश्चित की जाए और शिविरों में रहने वालों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन हर संभव मदद उपलब्ध कराएगा।