जागरण टुडे, वृंदावन (मथुरा)
राधा अष्टमी के पावन अवसर पर श्री चित्रगुप्त पीठ, जुल्हेंदी (वृंदावन) में रविवार को आध्यात्म, योग और पर्यावरण का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां नक्षत्र वाटिका की स्थापना और महर्षि महेश योगी भावातीत ध्यान एवं योग केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना तथा महर्षि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री धीरज श्रीवास्तव (पूर्व विशेष सदस्य, प्रधानमंत्री कार्यालय) और जिला विकास अधिकारी मथुरा श्रीमती गरिमा खरे मौजूद रहीं।
अपने संबोधन में मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना और कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि श्री चित्रगुप्त पीठ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि आस्था और लोककल्याण का दिव्य केंद्र है। यहां पर पर्यावरण संरक्षण, जल संचय और स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में निरंतर उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नक्षत्र वाटिका, जल परिक्रमा तथा भावातीत ध्यान केंद्र की स्थापना न केवल स्थानीय नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह विश्व को भी भारतीय संस्कृति की समृद्ध धरोहर का संदेश देगा।
डॉ. सक्सेना ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण हेतु विशेष योजनाएं चला रही है। ग्रामीण लोग यदि अपनी मेड पर पेड़ लगाकर पाँच वर्ष तक उसकी देखभाल करते हैं, तो सरकार प्रत्येक पेड़ पर ₹500 की प्रोत्साहन राशि देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि तालाबों के किनारे लगाए गए वृक्ष प्राकृतिक रूप से फलते-फूलते हैं और उन्हें अतिरिक्त सिंचाई की आवश्यकता नहीं पड़ती। जुल्हेंदी ग्राम की सरदारी ने सभी अतिथियों का पारंपरिक साफ़ा पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महामंडलेश्वर स्वामी सुरेशानंद जी, पंडित गोरी शंकर शर्मा, विपिन गोयल, नवीन अग्रवाल, डॉ. साधन सक्सेना, शिल्पा स्वरूप, अजय सक्सेना, ठाकुर बिहारी लाल, मयंक सक्सेना, सुधीर सक्सेना, राजेश सक्सेना, अरुण शर्मा, धीरेन्द्र कुलश्रेष्ठ, नरेंद्र कुलश्रेष्ठ, बृजेश सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन श्री चित्रगुप्त पीठ के सह-प्रमुख मनोज कुमार सक्सेना ने किया।