बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम तालगांव निवासी इंतजार अली पुत्र मुबारिक अली ने गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़ित ने थाना पुलिस पर विपक्षी पक्ष का पक्ष लेने और प्रार्थना पत्र बदलवाने के लिए नाजायज दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
इंतजार अली के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे गांव के हबीब और रिजवान के लड़कों में रुपयों को लेकर विवाद हो गया था। उसी समय इंतजार अली बीच बचाव करने पहुंचे, तभी हबीब पुत्र माहित ने लोहे के तार से उनके सिर पर हमला कर दिया। घायल इंतजार जब थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें बहला-फुसलाकर वापस भेज दिया।
इंतजार अली का कहना है कि इसके बाद विपक्षी पक्ष ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हबीब, नसीब, अनस, गुड्डू, राधिव, मैकू, नन्हे, हारून और मन्नू सहित कई लोग उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हबीब और गुड्डू ने फायरिंग भी की, जबकि बाकी हमलावर लोहे की रॉड और फरसा लेकर आए थे। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के मुख्तयार, राहत समेत कई ग्रामीण पहुंचे तो हमलावर भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित ने 112 पर कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची और इंतजार अली को अस्पताल भेजा। उनका आरोप है कि इसी बीच विपक्षी पक्ष की महिलाएं खुद को चोट पहुंचाकर पुलिस की मिलीभगत से मेडिकल करा रही थीं। इंतजार अली ने आरोप लगाया कि थाना पुलिस न्याय की जगह फैसले के लिए दबाव बना रही है, जिससे परिवार डरा और सहमा हुआ है। पीड़ित परिवार ने SSP से न्याय की गुहार लगाई है।