शाहजहांपुर में रोजा इलाके के दुर्गा इन्कलेव में चार साल के बेटे को जहर पिलाकर आत्महत्या करने वाले व्यापारी दंपती की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सूदखोर शैंकी आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
दो दिन पहले रोजा के मोहल्ला दुर्गा इन्कलेव कालोनी निवासी संध्या मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार संध्या मिश्रा ने अपनी पुत्री शिवांगी की शादी 08 वर्ष पूर्व सचिन ग्रोवर निवासी दुर्गा इन्कलेव कॉलोनी थाना रोजा के साथ की थी। उसके दामाद सचिन की संकट मोचन मंदिर के मोहनगंज में हरियाणा हैंडलूम के नाम से दुकान है।
संध्या मिश्रा के अनुसार उनके दामाद ने अपने व्यवसाय के लिए शैन्की आनंद और विक्की बग्गा निवासी रामनगर कॉलोनी थाना सदर बाजार और देवांग खन्ना निवासी चौक कोतवाली से ब्याज पर रुपये उधार लिए थे। जो सूदखोर और अपराधी किस्म के व्यक्ति हैं। आरोपी मनचाहा ब्याज उसकी बेटी शिवांगी और दामाद सचिन से वसूला करते थे। उसकी बेटी व दामाद अदायगी करते-करते परेशान थे।
तीनों सूदखोर आपस में साजिश करके उसकी बेटी और दामाद को परेशान किया करते थे। उसकी बेटी व दामाद इस प्रताड़ना से काफी परेशान हो गए थे। सूदखोरों ने दामाद और बेटी से कहा कि कहीं से रुपये लाकर दो। उसके दामाद सचकन ने अपने भाई मोहित और अन्य परिवार से मदद मांगी तो किसी ने नहीं की। प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बेटी और दामाद ने सुसाइड नोट लिखा।
26 अगस्त की रात में उनकी बेटी-दामाद ने अपने पुत्र फतेह को कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। इसके बाद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सूदखोर आरोपी शैन्की आनंद, विक्की बग्गा और देवांग खन्ना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी टीम और रोजा थाना की तीन टीमों को लगाया गया था।
पुलिस ने तीनों के मोबाइल नंबर सर्विलांस नंबर पर लगा रखे थे। पुलिस ने बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में मुख्य सूदखोर आरोपी शैल्की आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे पकड़कर रोजा थाना पर ले आयी थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में गैर जिले गई है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और रोजा थाना की तीन टीमों को लगाया गया है। रिपोर्ट के आधार पर अभियुक्त शैन्की आनंद को गिरफ्तार करके हिरासत में लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।