बदायूं, जागरण टूडे संवाददाता
यूपी के बदायूं जिले के सहसवान कस्बे में दो नर्सिंग संचालकों के बीच चल रही रंजिश में एक दूधिया की जान चली गई। नर्सिंग संचालकों के बीच बुधवार को हुए झगड़े में एक ने तमंचे से दूसरे पर गोली चला दी। गोली जाकर उधर से गुजर रहे एक दूधिया के लगी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह और एसपी देहात डॉ. केके सरोज ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद और शव परिजनों को सौंप दिया।
सहसवान कस्बे में बुधवार सुबह हुई वारदात, आरोपी फरार
सहसवान कस्बा निवासी प्रमोद यादव और अवधेश यादव ने साझे में अकबराबाद-हरदत्तपुर मार्ग पर सेवा नर्सिंगहोम खोला था। कुछ दिनों साझेदारी चली, लेकिन इसके बाद दोनों में किसी बात का लेकर अनबन हो गई थी। इसके बाद दोनों ने अपने अलग-अलग नर्सिंगहोम खोल लिए थे। दोनों के नर्सिंगहोम नजदीक होने के कारण एक-दूसरे से रंजिश मानने लगे थे।
झगड़े के दौरान एक नर्सिंगहोम संचालक ने दूसरे पर चलाई गोली
बताते हैं कि प्रमोद यादव और अवधेश यादव के बीच अक्सर झगड़ा हो जाता था। बुधवार सुबह लगभग 10 बजे इन दोनों के बीच झगड़ा हुआ। दोनों पक्ष काफी देर तक एक-दूसरे को गालियां देते रहे। इसी बीच अवधेश यादव ने तमंचा निकाला और प्रमोद पर गोली चला दी। प्रमोद यादव तो बच गया, लेकिन गोली उधर से गुजर रहे दूधिया वीरेश यादव के सिर में लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए और छटपटाने लगे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस वीरेश को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां डॉक्टर ने वीरेश यादव को मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी ने किया मौका मुआयना, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
वीरेश यादव सहसवान थाना क्षेत्र के गांव कुकरैया के रहने वाले थे। वह कस्बे में दूध बांटने के बाद बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इस घटना का पता लगने पर पुलिस अफसरों में खलबली मच गई। घटना की गंभरीता सहसवान के अलावा मुजरिया और जरीफनगर थाने की पुलिस बुला ली गई। कुछ ही देर में एसएसपी मौके पर जा पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। सिर में गोली लगने की वजह से जिला अस्पताल ले जाकर शव का अल्ट्रासाउंड कराया गया। उधर, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की दो टीमें लगीं
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रमोद यादव के मकान में नर्सिंगहोम संचालित है। उससे 200 मीटर की दूरी पर अवधेश ने अपना नर्सिंगहोम खोल दिया। इसी को लेकर उन दोनों के बीच टशन बन गई। अवधेश पक्ष के लोगों ने प्रमोद पर गोली चलाई थी। गोली जाकर दूधिया को लगी, जिससे दूधिया की मौत हो गई। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगा दी गई हैं।