बदायूं के मोहल्ला नाहर खां सराय में रहने वाले अरसलान खान ने मोहल्ले में ही मीट की दुकान खोलने के लिए नगर पालिका परिषद से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के लिए आवेदन किया था। एनओसी जारी करने के एवज में नगर पालिका का कनिष्ठ लिपिक मुशाहिद अली उनसे 8000 रुपये रिश्वत मांग रहा। रिश्वत न देने पर वह एनओसी जारी नहीं कर रहा था।
काफी समय तक नगर पालिका के चक्कर काटने के बाद भी एनओसी नहीं मिली तो अरसलान ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन से की, इसके बाद बरेली मंडल की भ्रष्टचार निवारण संगठन के प्रभारी प्रवीण सान्याल के निर्देशन में टीम गठित की गई। टीम ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बदायूं नगर पालिका परिषद कार्यालय में छापा मारा। इस दौरान टीम ने कनिष्ठ लिपिक मुशाहिद अली को अरसलान से 8000 रुपये रिश्वत लेते दबोच लिया।
एंटी करप्शन टीम प्रभारी ने बदायूं के सिविल लाइन्स थाने में आरोपी मुशाहिद अली निवासी बदायूं के मोहल्ला शाहबाजपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एंटी करप्शन टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पीड़ित अरसलान।
सबूत मिटाने के लिए तोड़ा मोबाइल
पीड़ित अरसलान ने बताया कि आरोपी मुशहिद उन्हें एक महीने से टहला रहा था। कभी वह बड़े साहब के नाम पर पैसे की मांग करता तो कभी किसी अन्य अधिकारी के नाम पर। काफी परेशान होने के बाद उन्होंने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। टीम ने जब आरोपी को रंगेहाथ दबोचा तो उसने सबूत मिटाने के लिए अपना मोबाइल भी तोड़ दिया।