मथुरा। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में साधु संतों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम की समीझा बैठक की। बैठक में पयर्टन मंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का 5251वां जन्मोत्सव समारोह इस बार दिव्य और अलौकिक होगा। इसके लिए प्रदेश से बजट की कोई कमी नहीं होगी। ब्रज के संतों के सुझाव और मुख्यमंत्री की इच्छा के अनुरूप इस उत्सव को यादगार बनाया जाएगा।
बैठक में वत्स गोस्वामी ने वर्षगांठ के रहस्य बताते हुए इसे वर्ष भर मनाए जाने की आवश्यकता बताई। संत फूलडोल महाराज ने 84 कोस परिक्रमा क्षेत्र को इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कहा कि परिक्रमा मार्ग पर होर्डिंग, बैनर, चित्रकला आदि के जरिये से इस पर्व को दर्शाया जाए। आयोजन का व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाए।
भगवान की लीलाओं वाले अन्य क्षेत्र भी जोड़ने का सुझाव
श्रीकृष्ण जन्मस्थान से आए गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने इस उत्सव से भगवान की लीलाओं के अन्य स्थल जैसे द्वारिका और कुरुक्षेत्र को भी जोड़ने का सुझाव दिया। वल्लभकुल संप्रदाय के आचार्य पंकज बाबा, पूरन कौशिक, सुशील गोस्वामी, कांतानाथ चतुर्वेदी सहित अनेक संत और मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने अपने सुझाव रखे। एमएलसी ओम प्रकाश सिंह और एमएलसी योगेश नोहवार ने मथुरा-वृंदावन में विशेष सफाई व्यवस्था का सुझाव रखा। विधायक पूरन प्रकाश ने बलदेव और विधायक मेघश्याम सिंह ने गोवर्धन क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे।
मंदिरों, चौराहों पर की जाएगी विशेष सजावट
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन किया। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं सुदृढ़ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग कटिबद्ध है। जन्मोत्सव के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, आवागमन मार्ग, विद्युत, साफ सफाई, पेयजल, शौचालय, साज सज्जा, लाइटिंग आदि के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जनपद के सभी चौराहों, मुख्य मार्गों, प्रमुख मंदिरों आदि पर सजावट की जाएगी और लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। पयर्टन मंत्री ने एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पोस्टर का अनावरण किया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किशन सिंह, नगर आयुक्त शशांक चौधरी सहित साधु संत, मंदिर प्रबंधक आदि मौजूद रहे।