Thursday, October 29, 2026

शाहजहांपुर: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में 24 को लगेंगे कैंप

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 18, 2026

शाहजहांपुर: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में 24 को लगेंगे कैंप

डीएम ने मिर्जापुर में तीन बूथों का किया निरीक्षण, युवाओं और छूटे पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरने की अपील

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर देने के लिए जिले में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ मिर्जापुर क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पंजीकरण कार्य की प्रगति परखी।

जिलाधिकारी ने श्री जानकी महाराज इंटर कॉलेज, मिर्जापुर में बूथ संख्या 233, 234 और 235 का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बूथों पर प्राप्त फॉर्म-6 की स्थिति और मतदाता पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विधानसभा क्षेत्र जलालाबाद के मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया। यहां मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त आवेदनों के बारे में जानकारी ली।

24 को भी लगेंगे विशेष कैंप

जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष कैंप में बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहे। इन कैंपों में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को पंजीकरण की सुविधा दी जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 24 अक्टूबर को भी सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से पात्र नागरिकों से आवेदन लेकर मतदाता सूची में उनके नाम शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंपों में मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध रहें, ताकि आवेदन करने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

फोटो और जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचें

मतदाता सूची में पहली बार नाम दर्ज कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 के साथ नवीनतम फोटो और जन्मतिथि तथा पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी। यहां नागरिकों को फॉर्म भरने और पंजीकरण की प्रक्रिया समझने में सहायता मिलेगी।

प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पर्यवेक्षण और निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड तत्काल उपलब्ध कराया जा सके। इससे आवेदन संबंधी कार्यों की निगरानी और समीक्षा में सुविधा होगी।

पात्र नागरिकों से नाम जांचने की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 24 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें। यदि नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रभावी भागीदारी के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। इसलिए युवाओं और अब तक पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।

शिक्षक निर्वाचन के मतदान केंद्र का भी किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए विकासखंड मिर्जापुर में बूथ संख्या 45 पर बनाए गए मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाएं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.