Friday, October 30, 2026

Badaun News : स्कूल के पास शराब ठेका, बच्चों का प्रदर्शन; हटाने की मांग

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 9, 2026

Badaun News : स्कूल के पास शराब ठेका, बच्चों का प्रदर्शन; हटाने की मांग

बदायूं में शिक्षा के मंदिर के पास शराब की दुकान से छात्र-छात्राएं परेशान, शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं; डीईओ ने जल्द हटवाने का दिया आश्वासन

बदायूं। जनपद बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम गुरगांव में स्कूल के पास संचालित शराब के ठेके को लेकर छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। राजकीय हाईस्कूल गुरगांव के विद्यार्थियों ने रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और ठेके को विद्यालय के नजदीक से पूरी तरह हटाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर के पास शराब की दुकान का संचालन बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई के अनुकूल माहौल पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार, शराब का ठेका स्कूल के मुख्य द्वार से महज 10 मीटर की दूरी पर संचालित हो रहा है। इससे विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों और विद्यालय प्रशासन ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

स्कूल परिसर में मिलते हैं शराब के खाली खोखे

प्रदर्शन कर रहे बच्चों ने बताया कि जब वे स्कूल पहुंचते हैं, तो विद्यालय परिसर के अंदर शराब के खाली खोखे पड़े मिलते हैं। स्कूल के आसपास सुबह से ही लोगों का जमावड़ा, शोर-शराबा और अन्य अवांछनीय गतिविधियां होने की शिकायत भी सामने आई है। विद्यार्थियों का कहना है कि ऐसे माहौल में पढ़ाई करना मुश्किल होता है। सवाल यह है कि जब विद्यालय के आसपास बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा का मामला जुड़ा है, तो समस्या का स्थायी समाधान अब तक क्यों नहीं हो पाया?

शिकायत के बाद भी नहीं निकला समाधान

राजकीय हाईस्कूल गुरगांव की प्रधानाचार्य डॉ. शची गुप्ता ने इस समस्या को लेकर 16 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बावजूद विद्यालय प्रशासन का कहना है कि समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। प्रधानाचार्य के अनुसार, ठेके को स्कूल के सामने से थोड़ी दूरी पर किया गया, लेकिन शराब का लेन-देन अब भी पुरानी जगह से ही होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में ठेके को हटाने की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों ने दी जिलाधिकारी आवास पर धरने की चेतावनी

पूर्व प्रधान सूरज पाल शाक्य ने स्पष्ट कहा कि शराब का ठेका स्कूल के आसपास से पूरी तरह हटाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो समस्त ग्रामवासी और स्कूल के बच्चे बदायूं में जिलाधिकारी आवास पर धरना देने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने मांग की कि मामले की तत्काल जांच कराकर शराब की दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और अनुशासित शैक्षिक वातावरण मिल सके।

आबकारी अधिकारी बोले—जल्द हटवाया जाएगा ठेका

इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी हरिशंकर शुक्ल से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि दूसरी जगह दुकान उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण ठेके को अभी तक हटाया नहीं जा सका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही ठेके को हटवा दिया जाएगा।

अब देखना यह है कि अधिकारियों का यह आश्वासन कब धरातल पर उतरता है। ग्रामीणों और विद्यालय प्रशासन की मांग है कि बच्चों की सुरक्षा तथा शिक्षा के हित को प्राथमिकता देते हुए इस समस्या का जल्द स्थायी समाधान किया जाए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.