Thursday, October 29, 2026

शाहजहांपुर: पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 43 मामले निपटाए

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 8, 2026

शाहजहांपुर: पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 43 मामले निपटाए

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बुधवार को पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने शिकायतकर्ताओं के घर और संबंधित घटनास्थलों पर पहुंचकर कुल 43 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। पुलिस टीमों ने स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों से बातचीत की और शिकायतों के समाधान की स्थिति की जानकारी ली।

घर पहुंचकर सुनी शिकायतें, मौके पर किया समाधान

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित स्थान पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे। वहीं, थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर जाकर शिकायतों का मौके पर समाधान सुनिश्चित करेंगे।

दोनों पक्षों से बातचीत कर लिया फीडबैक

बुधवार को जिले के विभिन्न थानों पर आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों में से 43 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। पुलिस टीमों ने शिकायतकर्ताओं के घर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। संबंधित मामले में दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद और समस्या की वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास किया गया।

निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से समाधान के संबंध में फीडबैक भी लिया गया। पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचकर शिकायतों का समाधान करने से वास्तविक स्थिति स्पष्ट होती है और अनावश्यक रूप से शिकायतकर्ता को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के साथ ही प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। मौके पर जाकर समस्याओं के समाधान से शिकायतकर्ताओं को राहत मिलने के साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद भी स्थापित हो रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.