किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर पुवायां रोड स्थित चिनौर के अवंतीबाई लोधी पार्क में किसान स्वाभिमान महासभा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। महासभा में किसानों के सम्मान, अधिकार और उनकी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शासन-प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
महासभा में समाजसेवी संजय गुप्ता ने कहा कि किसान कमजोर नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसानों को अपनी ताकत पहचानने और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याएं केवल व्यक्तिगत परेशानी नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध समाज और व्यवस्था से है।
उन्होंने कहा कि किसानों का दर्द उनका अपना दर्द है। वह किसानों की आवाज बनकर उनके हक की लड़ाई लड़ेंगे और उनकी समस्याओं को हर उचित मंच पर उठाएंगे। किसानों की मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन और प्रशासन को पत्र भेजा जाएगा, जिससे संबंधित अधिकारियों का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित हो और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो सके।
अतिवृष्टि से फसलों के नुकसान का मुद्दा उठा
महासभा में हाल में हुई अतिवृष्टि और बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का उचित आकलन कराने और नुकसान के अनुसार मुआवजा दिलाने की मांग रखी। कहा गया कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिन किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, उन्हें राहत दिलाने के लिए शासन स्तर तक मांग पहुंचाई जाएगी।
खाद की कालाबाजारी और आवारा पशुओं की समस्या पर चिंता
किसानों ने खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि खेती के समय किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही खेतों में खड़ी फसलों को आवारा पशुओं से हो रहे नुकसान का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई।
संजय गुप्ता ने कहा कि किसानों को अपनी उपज, खाद और फसल की सुरक्षा के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। किसानों की समस्याओं को सामने लाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना जरूरी है। किसान यदि एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएंगे तो उनकी बात को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जा सकेगा। महासभा में चिनौर के पार्षद गंगासागर वर्मा, अश्विनी बघेला, वीरेंद्र कश्यप, श्रेय गुप्ता, अंकित गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।