Thursday, October 29, 2026

शाहजहांपुर: खंडहर में चल रही थी तमंचा फैक्ट्री, दो गिरफ्तार

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 4, 2026

शाहजहांपुर: खंडहर में चल रही थी तमंचा फैक्ट्री, दो गिरफ्तार

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम भटपुरा मिश्र और मिलकिया के बीच स्थित एक खंडहर में छापा मारकर आरोपियों को पकड़ा। मौके से पांच अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक अधबना तमंचा, नाल, तमंचों की दो बॉडी, तीन मोबाइल फोन और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, चार अक्टूबर की रात करीब दो बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खंडहर में छापा मारा। यहां अवैध शस्त्र बनाने का काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से संतोष पुत्र रामलाल निवासी भटपुरा मिश्र और अनिल सिंह पुत्र गंगा सिंह निवासी घनश्यामपुर को गिरफ्तार कर लिया।

चार तमंचे 315 बोर के, एक 12 बोर का

पुलिस के मुताबिक बरामद पांच तमंचों में चार 315 बोर और एक 12 बोर का है। इसके अलावा एक अधबना तमंचा, नाल और दो तमंचों की बॉडी भी मिली हैं। पुलिस ने शस्त्र निर्माण में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों के साथ तीन मोबाइल फोन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत और इनके खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

कबाड़ और आरा मशीनों से जुटाते थे सामान

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कबाड़ी की दुकानों और आरा मशीनों से सामान एकत्र करते थे। इसके बाद सुनसान स्थानों और खेतों में तमंचों के पुर्जे तैयार कर उन्हें जोड़कर हथियार बनाते थे। पुलिस के अनुसार, तैयार तमंचों को होटल और ढाबों पर रुकने वाले ट्रक चालकों के माध्यम से तीन से पांच हजार रुपये में बेचा जाता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संतोष के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.