उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और रुपये मांगने को लेकर ताऊ से उसका विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो सूजे भी बरामद किए हैं।
हथौड़ा बुजुर्ग गांव निवासी 75 वर्षीय रामसनेही की दो अक्टूबर को निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद अवध किशोर की तहरीर पर रोजा थाने में रामसनेही के भतीजे अरविंद पुत्र प्रभुदयाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
नहर पटरी के पास से आरोपी पकड़ा
रोजा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद को ग्राम जलालपुर की नहर पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो सूजे बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रुपये देने से मना करने पर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने ताऊ रामसनेही के पास ही रहता था। ताऊ ही उसे खाने और खर्च के लिए कुछ रुपये देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी इन रुपयों का इस्तेमाल नशे और अपने शौक पूरे करने में करता था। घटना वाले दिन भी उसने ताऊ से नशा करने के लिए रुपये मांगे थे। रुपये देने से मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि रुपये मांगने को लेकर पहले भी उसका ताऊ से विवाद होता रहता था। इसी विवाद के बाद रामसनेही घर से निकलकर अपने परिचित विजय के घर रहने लगे थे। आरोपी के अनुसार उसने रुपये मांगने के विवाद को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए ताऊ की हत्या की योजना बनाई।
दो सूजे लेकर पहुंचा था विजय के घर
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने बर्फ का काम करने के लिए दो सूजे खरीदे थे। घटना वाले दिन वह दोनों सूजे लेकर विजय के घर पहुंचा, जहां उसे रामसनेही खड़े मिले। आरोप है कि उसने दोनों हाथों में लिए सूजों से ताऊ पर कई वार कर दिए। हमले में रामसनेही जमीन पर गिर गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त दोनों सूजे बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।