Thursday, October 29, 2026

शाहजहांपुर: आंखों की रोशनी के लिए फिर मददगार बनेगी ‘उड़ान एक उम्मीद’, 8 अक्टूबर को लगेगा नि:शुल्क नेत्र शिविर

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 4, 2026

शाहजहांपुर: आंखों की रोशनी के लिए फिर मददगार बनेगी ‘उड़ान एक उम्मीद’, 8 अक्टूबर को लगेगा नि:शुल्क नेत्र शिविर

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

जरूरतमंद लोगों को आंखों से जुड़ी समस्याओं का उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘उड़ान एक उम्मीद वेलफेयर फाउंडेशन’ की ओर से आठ अक्टूबर को नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। शिविर हनुमत धाम, बिसरात रोड पर आयोजित होगा। इसमें आंखों की विभिन्न समस्याओं से परेशान लोगों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की जाएगी।

संस्था की अध्यक्ष नीलम गुप्ता ने बताया कि फाउंडेशन की ओर से पहले भी जरूरतमंदों के लिए नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाए जा चुके हैं। इसी क्रम में आठ अक्टूबर को आयोजित होने वाले शिविर में आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आंखों की जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों की भी होगी मदद

शिविर में जांच के दौरान जिन मरीजों में ऑपरेशन की आवश्यकता सामने आएगी, उनके उपचार की आगे की व्यवस्था भी संस्था की ओर से कराई जाएगी। ऐसे मरीजों के ऑपरेशन और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था में सहयोग किया जाएगा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उपचार के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

संस्था की ओर से ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को अस्पताल तक ले जाने और ऑपरेशन के बाद वापस लाने के लिए वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बुजुर्ग और जरूरतमंद मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भी सहूलियत मिलेगी।

नीलम गुप्ता ने आसपास के क्षेत्रों के बुजुर्गों, जरूरतमंदों और आंखों से संबंधित समस्या से परेशान लोगों से शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर आंखों की जांच और उपचार से कई समस्याओं को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

समय: सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक
स्थान: हनुमत धाम, बिसरात रोड, शाहजहांपुर
तिथि: 8 अक्टूबर

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.