Thursday, October 29, 2026

शाहजहांपुर: गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा का संदेश

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 2, 2026

शाहजहांपुर: गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा का संदेश

शैलेंद्र पांडेय, शाहजहांपुर

जागरण टुडे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को शाहजहांपुर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट, रिजर्व पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय और जिला कारागार में दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उनके सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।


कलेक्ट्रेट में डीएम ने किया नमन

कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के सादगी, त्याग, स्वदेशी और देशसेवा के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

गुरु नानक पाठशाला की टीम ने रामधुन प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन इंदू अजनबी ने किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत और अपर जिलाधिकारी न्यायिक मोहम्मद असलम सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों ने ली शपथ

रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहांपुर में भी गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति हुई।इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन, सद्भाव और जनसेवा के मूल्यों को अपनाने की शपथ ली। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

एसपी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के सिद्धांत तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से इन मूल्यों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाकर जनता की सेवा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिस लाइन में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कंबल वितरित किए गए और उनके योगदान की सराहना की गई।


पुलिस कार्यालय में भी दी श्रद्धांजलि

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, क्षेत्राधिकारी यूपी-112 एवं महिला अपराध सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने दोनों महापुरुषों के जीवन और आदर्शों को याद करते हुए पुलिसकर्मियों से सत्य, अहिंसा, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने की अपील की।


विनोबा आश्रम में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण

गांधी-शास्त्री जयंती पर सहयोग संस्था की ओर से विनोबा सेवा आश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां वृद्धजनों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में शुगर जांच के साथ वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने जरूरत के अनुसार दवाएं, चश्मे और आई ड्रॉप वितरित किए। फिजिशियन डॉ. हेमेंद्र वर्मा, दंत चिकित्सक डॉ. रजत अग्रवाल, सर्जन डॉ. केपी गुप्ता और नेत्र विशेषज्ञ डॉ. फैजान हुसैन ने अपनी सेवाएं दीं। वृद्धजनों को फल भी वितरित किए गए। सेवा कार्य के लिए आश्रम के लोगों ने संस्था और चिकित्सकों का आभार जताया।

विनोबा सेवा आश्रम की ओर से रमेश भैया और विमला बहन ने चिकित्सकों का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में पौधारोपण भी किया गया। संस्था की ओर से बताया गया कि वर्तमान सत्र का पौधारोपण अभियान पूरा हो गया है और अगले सत्र में इसे दोबारा शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम में सहयोग संस्था के संस्थापक अनिल गुप्ता प्रधान, मोहम्मद शाहनवाज खान एडवोकेट, अध्यक्ष स्तुति गुप्ता, डायरेक्टर तराना जमाल, रजनी गुप्ता, शालू यादव, जिला प्रभारी विकास सक्सेना, उपाध्यक्ष शिवम वर्मा व अंकुश गुप्ता, कनिष्ठ उपाध्यक्ष संगीता गुप्ता, सचिव सुमन गुप्ता, सदस्य अभिषेक गुप्ता और अतुल गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। गंगा नंदनी जी, परमार्थ निकेतन हरिद्वार और विनोबा सेवा आश्रम के पदाधिकारियों व सदस्यों की भी सहभागिता रही।


जिला कारागार में बंदियों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति गीत

जिला कारागार शाहजहांपुर में भी गांधी और शास्त्री जयंती श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जनपद एवं सत्र न्यायाधीश मुख्य अतिथि रहे। एडीजे प्रथम सुरेश कुमार शर्मा, एडीजे द्वितीय आशीष वर्मा, एडीजे अष्टम प्रेमशंकर और एडीजे षष्ठम कुमार मिताक्षर सहित न्यायिक एवं कारागार अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों के अनावरण एवं माल्यार्पण से हुई। न्यायिक अधिकारियों, कारागार अधिकारियों, कर्मचारियों और बंदियों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। बंदियों ने देशभक्ति गीतों, भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गांधी और शास्त्री के जीवन मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। अतिथियों ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए बंदियों का उत्साहवर्धन किया।

जनपद एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन सत्य, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने बंदियों से कारागार में उपलब्ध समय का उपयोग आत्मचिंतन, शिक्षा, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण में करने का आह्वान किया, ताकि वे भविष्य में समाज की मुख्यधारा से जुड़कर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभा सकें। विशिष्ट अतिथियों ने भी गांधी के सत्य और अहिंसा तथा शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। बंदियों को शिक्षा, अनुशासन, सदाचरण, आत्मनिर्भरता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.