जागरण टुडे। महिलाओं में जागरूकता, शिक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर भोर फाउंडेशन की अध्यक्ष स्वाति सिंह को दुर्गा स्वरूपा सम्मान समारोह-2026 में सम्मानित किया गया। उर्दू अकादमी, गोमती नगर में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री की पत्नी नम्रता पाठक ने स्वाति सिंह को अंगवस्त्र, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
दुर्गा स्वरूपा फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नम्रता पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के उत्थान, जागरूकता और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे कार्यों को रेखांकित किया गया।
महिलाओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर जोर
समारोह में भोर फाउंडेशन की अध्यक्ष स्वाति सिंह को वीआईपी अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। फाउंडेशन की ओर से महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के बीच जागरूकता बढ़ाने, शिक्षा को प्रोत्साहित करने और स्वावलंबन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
सम्मान प्राप्त करने के बाद स्वाति सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि भोर फाउंडेशन की पूरी टीम का सम्मान है। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्य जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रहे हैं और महिलाओं को शिक्षा, जागरूकता तथा आत्मनिर्भरता से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस सम्मान से उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा मिलेगी। साथ ही, महिलाओं के सशक्तीकरण और स्वावलंबन की दिशा में फाउंडेशन के प्रयासों को आगे भी जारी रखने की बात कही।
आयोजन टीम ने संभाली जिम्मेदारी
समारोह में भोर फाउंडेशन की टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन रागिनी श्रीवास्तव, विजयलक्ष्मी श्रीवास्तव, शताक्षी गुप्ता और विवेक बदलानी की टीम की ओर से किया गया। समारोह में महिलाओं के सामाजिक और शैक्षिक विकास से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।