शाहजहांपुर जिले में लगातार हो रही बारिश और तेज आंधी-तूफान से ददरौल विधानसभा क्षेत्र में फसलों को हुए नुकसान को लेकर विधायक अरविंद कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर किसानों के लिए राहत की मांग की है। विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का तत्काल सर्वे कराने के साथ किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और फसल बीमा के दावों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने कहा है कि क्षेत्र में पिछले 48 घंटे से मूसलाधार बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान का दौर जारी है। इसका सीधा असर खेतों में तैयार खड़ी फसलों पर पड़ा है। धान, मक्का, गन्ना और तिल की फसल को व्यापक नुकसान होने की बात विधायक ने पत्र में कही है।
खेतों में गिर गई धान की फसल, जलभराव से बढ़ी चिंता
विधायक के अनुसार तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पककर तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई है। वहीं, खेतों में पानी भर जाने से फसल के सड़ने का खतरा पैदा हो गया है। लंबे समय तक जलभराव रहने पर धान के दाने काले पड़ने की आशंका भी जताई गई है।
विधायक ने पत्र में प्रारंभिक आकलन का हवाला देते हुए कहा है कि ददरौल क्षेत्र के कई इलाकों में किसानों को करीब 80 से 90 प्रतिशत तक फसल नुकसान हुआ है। कटाई से ठीक पहले मौसम खराब होने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। महीनों की मेहनत और खेती में लगी लागत के बाद तैयार फसल प्रभावित होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा होने की बात कही गई है।
राज्य आपदा राहत कोष से सहायता की मांग
विधायक अरविंद कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री से प्रभावित किसानों को राज्य आपदा राहत कोष से तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि नुकसान का समयबद्ध सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और पात्र किसानों को नियमानुसार राहत मिल सके।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पंजीकृत किसानों के बीमा दावों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने की मांग भी की गई है। विधायक का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को बीमा का लाभ जल्द मिलना चाहिए, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान से उबरने में मदद मिल सके।
कृषि ऋण की वसूली रोकने का भी अनुरोध
विधायक ने मुख्यमंत्री से प्रभावित किसानों के कृषि ऋण की वसूली तत्काल स्थगित कराने का भी अनुरोध किया है। उनका कहना है कि फसल खराब होने की स्थिति में किसानों पर आर्थिक दबाव और बढ़ सकता है। ऐसे में राहत मिलने तक ऋण वसूली पर रोक लगाने से प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सकेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि फसल नुकसान का सर्वे और राहत संबंधी कार्रवाई में देरी न हो। विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस स्थिति में किसानों को सरकारी सहायता और मुआवजे का लाभ जल्द से जल्द मिलना चाहिए।