जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)
धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर शुक्रवार का दिन दो परिवारों के लिए दर्दनाक साबित हुआ। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कक्षा पांच के छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छात्र के चाचा समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों हादसों में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की टक्कर की बात सामने आई है। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर दुनका पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया। दोनों मामलों में चालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
आनंदपुर के पास ट्रॉली की चपेट में आया छात्र
पहला हादसा शुक्रवार सुबह आनंदपुर के पास हुआ। दुनका निवासी सौरभ गुप्ता का 14 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ गुप्ता दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। स्कूल बस मिर्जापुर तक आती है। शुक्रवार सुबह सिद्धार्थ अपने चाचा शानू गुप्ता के साथ बाइक से मिर्जापुर जा रहा था। इसी दौरान आनंदपुर के पास धनेटा की ओर से आ रही सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि सिद्धार्थ बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा शानू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए बरेली भेजा। वहीं छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर दुनका चौकी में खड़ा करा दिया, जबकि चालक फरार हो गया। सिद्धार्थ दो भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मां बेसुध हो गई। हादसे के समय छात्र के पिता राजस्थान गए हुए थे। परिजनों के अनुसार उनके शाम तक वापस लौटने की संभावना थी।
बसई के पास दूसरा हादसा, बुजुर्ग की मौत
दूसरा हादसा शुक्रवार देर शाम धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर बसई गांव के पास ईंट-भट्ठे के निकट हुआ। यहां लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार नियाज खां (65) और जंगा खां (53) को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान नियाज खां की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में लेकर दुनका चौकी में खड़ा कराया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।