पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। केंद्र में कुल 21 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई। इनमें पुवायां थाना क्षेत्र के एक दंपती के विवाद में काउंसलिंग के बाद आपसी समझौता कराया गया। इसके बाद दोनों को सकुशल साथ विदा किया गया।
दंपती की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उनकी एक बेटी भी है। महिला ने परामर्श केंद्र में शिकायत की थी कि उसका पति शराब का सेवन करता है और उसके साथ मारपीट करता है। महिला का आरोप था कि पति पत्नी और बेटी के भरण-पोषण के लिए भी पर्याप्त सहयोग नहीं करता है। महिला ने काउंसलिंग के दौरान कहा कि यदि पति शराब का सेवन छोड़कर उसके साथ ठीक व्यवहार करे और परिवार का खर्च उठाए तो वह उसके साथ रहने के लिए तैयार है।
परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद काउंसलिंग की गई। इस दौरान पति ने पत्नी को भरोसा दिलाया कि वह आगे शराब का सेवन नहीं करेगा और उसके साथ मारपीट भी नहीं करेगा। उसने पत्नी की बात मानने और पत्नी व बेटी के खर्च की जिम्मेदारी उठाने पर भी सहमति जताई। दोनों पक्षों की सहमति बनने के बाद विवाद का समझौता करा दिया गया। इसके बाद दंपती को सकुशल साथ भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मधु यादव समेत महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं।