प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत पहली और दूसरी किस्त लेने के बाद भी आवास निर्माण पूरा नहीं कराने वाले लाभार्थियों पर अब सख्ती शुरू हो गई है। ऐसे लाभार्थियों को आवास निर्माण पूरा कराने के लिए एक सप्ताह का अंतिम मौका दिया गया है।
डूडा की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो संबंधित लाभार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत आरसी जारी कर सरकारी धनराशि की वसूली भू-राजस्व की तरह की जाएगी।
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाती है। कई लाभार्थियों ने पहली और दूसरी किस्त प्राप्त करने के बाद भी अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया है। विभाग की ओर से ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए अब अंतिम अवसर दिया गया है।
डूडा ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित एक सप्ताह की समय सीमा में अपने आवास का निर्माण पूरा करा लें, ताकि किसी तरह की वसूली संबंधी कार्रवाई से बचा जा सके। विभाग ने लाभार्थियों को योजना के तहत मिली धनराशि का निर्धारित उद्देश्य के लिए उपयोग करने के निर्देश भी दिए हैं।