जागरण टुडे, शाहजहांपुर
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी कवि एवं साहित्यिक कार्यक्रमों की संचालक डॉ. इन्दु अजनबी को भूटान की राजधानी थिम्फू में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साहित्य सम्मेलन में ‘भूटान-भारत अंतरराष्ट्रीय साहित्य शिरोमणि सम्मान’ से सम्मानित किया गया। 19 सितंबर को आयोजित सम्मेलन में भारत और भूटान के कई साहित्यकारों ने प्रतिभाग किया।
सम्मेलन में डॉ. इन्दु अजनबी ने अपने गीतों और मुक्तकों की प्रस्तुति देकर साहित्यप्रेमियों की सराहना प्राप्त की। उन्होंने कार्यक्रम के दो सत्रों का संचालन भी किया। इस दौरान उनकी प्रस्तुति और संचालन शैली को प्रतिभागियों ने सराहा।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. हरेन्द्र हर्ष, भूटान ब्रॉडकास्टिंग हेड हरिका मान राई, अच्युत भीमरे और प्राचार्य लक्ष्मी दास शर्मा समेत अन्य अतिथियों ने डॉ. अजनबी को सम्मान प्रदान किया। सम्मेलन में भारत और भूटान के साहित्यकारों के बीच साहित्यिक संवाद और विचारों का आदान-प्रदान भी हुआ। आयोजन के दौरान दोनों देशों की साहित्यिक परंपराओं और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
‘भूटान-भारत अंतरराष्ट्रीय साहित्य शिरोमणि सम्मान’ मिलने पर शाहजहांपुर के साहित्यकारों और शुभचिंतकों ने डॉ. इन्दु अजनबी को बधाई दी। साहित्य के क्षेत्र में उनकी उपलब्धि को स्थानीय साहित्य जगत के लिए गौरवपूर्ण बताया गया।