जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
स्वामी दयानंद डिग्री कॉलेज, मीरगंज में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं और रचनात्मक सोच को कागज पर रंगों के माध्यम से उकेरते हुए विकसित और सशक्त भारत की मनमोहक तस्वीर प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा और विशिष्ट अतिथि तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह ने महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. सत्यवीर गंगवार तथा सचिव पंकज गंगवार की मौजूदगी में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पूरन लाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य और विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मां सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने भाषण, रंगोली और ड्राइंग प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय ने प्रतिभागियों को अपनी कल्पनाओं को नए रंग और आकार देने का अवसर दिया। किसी चित्र में स्वच्छ और सुंदर भारत की झलक दिखाई दी तो किसी में शिक्षा, विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता को प्रमुखता दी गई।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. सत्यवीर गंगवार एवं सचिव पंकज गंगवार ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनके भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. यशवंत सिंह, रामसिंह प्रजापति, धर्म प्रकाश आर्य, राजकुमार सहित महाविद्यालय के समस्त प्रवक्ता एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।