उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर शहर में ह्यूम पाइप डालने के कार्य के चलते 22 सितंबर से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। महिला थाना तिराहा से रैन बसेरा तिराहा तक यातायात डायवर्जन 22 सितंबर 2026 से 5 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
छोटे वाहन कैंट होकर डिपो तिराहा से जाएंगे
डायवर्जन के दौरान छोटे वाहनों का आवागमन महिला थाना तिराहा से कैंट क्षेत्र होते हुए डिपो तिराहा के रास्ते संचालित किया जाएगा। वहीं रैन बसेरा तिराहा से महिला थाना तिराहा तक सभी प्रकार का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पलिया, निगोही और पीलीभीत की ओर आने-जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन रोडवेज वर्कशॉप से किया जाएगा। जबकि बरेली, फर्रुखाबाद, लखीमपुर, सीतापुर और दिल्ली की ओर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन सैटेलाइट बस स्टैंड से होगा।
भारी वाहनों के लिए रिंग रोड निर्धारित
भारी वाहनों का आवागमन रिंग रोड के माध्यम से कराया जाएगा। गदियाना चुंगी, मछली मार्केट तिराहा और डिपो तिराहा से महिला थाना तिराहा की ओर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गदियाना चुंगी, मछली मार्केट तिराहा, अशफाक नगर तिराहा और डिपो तिराहा पर अतिरिक्त यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
रेलवे स्टेशन जाने के लिए इस मार्ग का करें इस्तेमाल
रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहनों के लिए मालगोदाम रोड और सीएम ग्रिड ग्रीन रोड का इस्तेमाल किया जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि डायवर्जन अवधि में निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें।
जलभराव से दुर्घटना की आशंका, नाला निर्माण की मांग
क्षेत्राधिकारी यातायात रणवीर सिंह ने बताया कि रोडवेज से रैन बसेरा तिराहे के बीच जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम से नाला निर्माण का कार्य जल्द कराने का अनुरोध किया गया है। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 22 सितंबर से 5 अक्टूबर तक डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में लोगों से सहयोग की अपील की है।