Thursday, October 29, 2026

शाहजहांपुर: नगर आयुक्त को सड़कों के निर्माण में मिलीं खामियां, दिए सुधार के निर्देश

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 21, 2026

शाहजहांपुर: नगर आयुक्त को सड़कों के निर्माण में मिलीं खामियां, दिए सुधार के निर्देश

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की  नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने नगर निगम क्षेत्र में राज्य सेक्टर योजना के तहत निर्माणाधीन नालियों और सीसी सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सड़क की मोटाई, नाली की मजबूती और जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया। जहां कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी भी मौजूद रहे।

महमंद जलालनगर में सीसी ढलाई का काम देखा

नगर आयुक्त ने महमंद जलालनगर में मुर्सली मस्जिद से लिबास टेलर्स के मकान के पीछे होते हुए मुमताज मेम्बर के मकान तक चल रहे नाली और सीसी सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां सीसी ढलाई का काम प्रगति पर मिला। जांच में सीसी सड़क और बेस की मोटाई मानक के अनुरूप पाई गई। नगर आयुक्त ने कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

गोकुल धाम कॉलोनी में ईंटों के नमूने जांच के लिए भेजने के निर्देश

खिरनीबाग स्थित गोकुल धाम कॉलोनी में करीब 50 प्रतिशत सीसी सड़क का निर्माण पूरा मिला, जबकि नाली निर्माण का कार्य जारी था। नगर आयुक्त ने नाली की मजबूती की जांच के लिए मौके से तीन ईंटें निकलवाकर प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए।

सुभाष नगर में जलभराव रोकने के लिए सड़क का स्तर दुरुस्त होगा

सुभाष नगर में निरीक्षण के दौरान पुलिया की सतह सीसी सड़क से नीचे मिली। इस पर नगर आयुक्त ने जलभराव की समस्या दूर करने के लिए सड़क का स्तर पुलिया की सतह के बराबर करने के निर्देश दिए। कुछ स्थानों पर नाली में पानी का बहाव भी ठीक नहीं मिला। उन्होंने नाली का बेड लेवल दुरुस्त कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान ग्रूफ कटिंग की गहराई और सीसी सड़क की मोटाई को भी मानक के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ जलनिकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।

ककराखुर्द में सीसी की मोटाई मानक के अनुरूप मिली

ककराखुर्द में नाजों के खोखे से नईम के मकान होते हुए खेड़े वाली मस्जिद तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया गया। यहां सीसी सड़क की मोटाई प्रथम दृष्टया मानक के अनुरूप मिली। निर्माण के साथ क्योरिंग का काम भी होता पाया गया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर नई सीसी सड़क बनने से मुख्य सड़क ऊंची और संपर्क मार्ग नीचे हो गए हैं, वहां रैंप बनाकर आवागमन सुचारू कराया जाए। उन्होंने सभी निर्माणाधीन सड़कों और नालियों का काम तेजी से पूरा कराने के साथ निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.