बच्चों की सुरक्षित यात्रा को लेकर शाहजहांपुर में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने स्कूल वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत चलाए गए संयुक्त अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले पांच स्कूल वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि 10 वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में थाना कांट क्षेत्र स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल और फर्टिलाइजर स्कूल के संचालित एवं अनुबंधित वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्कूल वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।
दस्तावेज से लेकर फिटनेस और परमिट तक की जांच
चेकिंग के दौरान वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। निर्धारित नियमों और मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। जांच में पांच वाहन ऐसे मिले, जिन पर गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद उन्हें सीज कर दिया गया। वहीं 10 अन्य वाहनों के चालान किए गए।
अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्कूल वाहनों के संचालन से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया।
छात्राओं के लिए महिला परिचर की व्यवस्था जरूरी
अधिकारियों ने बताया कि स्कूल वाहन में चालक के अलावा परिचर की मौजूदगी जरूरी है। यदि वाहन में छात्राएं सफर करती हैं तो उनकी सुरक्षा और निगरानी के लिए महिला परिचर की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जानी चाहिए।
इसके साथ ही बच्चों की निगरानी के लिए वाहन में एक अध्यापक की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के दौरान उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों की है।
चालकों का चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश
अभियान के दौरान स्कूल प्रबंधन को वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा वाहन पर विद्यालय का नाम, चालक का नाम, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट और फिटनेस से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित कराने को कहा गया।
अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए स्कूल वाहनों की चेकिंग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।