Thursday, October 29, 2026

शाहजहांपुर: एंटी रोमियो टीमों ने छात्राओं को किया जागरूक, संदिग्ध लड़कों से पूछताछ

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 18, 2026

शाहजहांपुर:  एंटी रोमियो टीमों ने छात्राओं को किया जागरूक, संदिग्ध लड़कों से पूछताछ

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर शाहजहांपुर पुलिस का जागरूकता और चेकिंग अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शुक्रवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों के बाहर और आसपास पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, अधिकारों और पुलिस की ओर से उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।


एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी। अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और युवकों की चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें छेड़छाड़, अभद्रता, पीछा करने और किसी भी तरह के उत्पीड़न की घटनाओं के प्रति सतर्क रहने को कहा।

परेशान करने पर तत्काल पुलिस को दें सूचना

पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को बताया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करता है, पीछा करता है या किसी तरह की अभद्रता करता है तो चुप रहने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस टीमों ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान छात्राओं और अन्य लोगों को महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई। एंटी रोमियो टीमों ने वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया। पुलिस ने छात्राओं से जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।

साइबर अपराध से बचाव के लिए भी किया जागरूक

पुलिस टीमों ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में भी जागरूक किया। अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर संपर्क करने, निजी जानकारी साझा करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया।

एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखने की बात कही। पुलिस के अनुसार महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालयों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता, भ्रमण और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.