Thursday, October 29, 2026

शाहजहांपुर: इलाज के दौरान छह साल के बच्चे की मौत, परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया हंगामा

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 16, 2026

शाहजहांपुर: इलाज के दौरान छह साल के बच्चे की मौत, परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया हंगामा

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

सिंधौली थाना क्षेत्र में छह साल के बच्चे की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने सिंधौली-पुवायां मार्ग पर कमलापुर गांव के पास शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर आवागमन रोक दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया।

परिजनों के मुताबिक, मियांपुर स्थित एक क्लिनिक में बच्चे का कथित तौर पर गलत इलाज किया गया। उनका आरोप है कि 14 सितंबर की रात बच्चे को क्लिनिक लाया गया था। वहां दो इंजेक्शन लगाने और बोतल चढ़ाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद बच्चे की मौत हो गई।

बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने आरोपी डॉक्टर की तत्काल गिरफ्तारी, क्लिनिक को सील करने और पुलिसकर्मियों पर लगाए गए मारपीट व अभद्रता के आरोपों की जांच की मांग की। हालांकि पुलिस ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है।

एफआईआर दर्ज, क्लिनिक सीज करने की प्रक्रिया शुरू

हंगामे और जाम की सूचना पर सीओ पुवायां प्रवीण मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि संबंधित क्लिनिक को सीज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने परिजनों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। मामले में बच्चे की मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.