जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रगति की नियमित समीक्षा करने और जिन योजनाओं में जिले की रैंकिंग व ग्रेडिंग अपेक्षित स्तर से कम है, उनमें विशेष प्रयास कर सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने विरासत, उत्तराधिकार और नाम संशोधन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि यदि इन मामलों को गलत तरीके से खारिज किया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने धारा 24, 116, 34, 67 और 80 से संबंधित लंबित राजस्व वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पांच वर्ष, तीन वर्ष, छह माह और 45 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों की नियमित सुनवाई कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। इस कार्य की नियमित समीक्षा की जाएगी। सभी नायब तहसीलदारों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
आपदा प्रभावितों को समय से मिले आर्थिक सहायता
डीएम ने आपदा में जनहानि और पशुहानि के मामलों में प्रभावित परिवारों को समय से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित फसलों का जल्द सर्वे कराने को कहा। कृषक दुर्घटना बीमा योजना से संबंधित मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व लक्ष्य की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आबकारी, वाणिज्य कर, खनन, नगर निकाय, व्यापार कर, परिवहन तथा कर एवं करेत्तर राजस्व से जुड़े विभागों को निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने और प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने उप जिलाधिकारियों को आईजीआरएस की शिकायतों का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही भू-राजस्व, विविध देय और बैंक देयों की वसूली में तेजी लाकर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपेक्षित प्रगति हर हाल में सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों और योजनाओं में भी सभी विभाग प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।