महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा अपराधों की रोकथाम को लेकर शाहजहांपुर पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों के बाहर और आसपास भ्रमण कर चेकिंग की। इस दौरान छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
एंटी रोमियो टीमों ने छात्राओं को बताया कि छेड़छाड़, अभद्रता, पीछा करने या किसी भी तरह के उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। विद्यालयों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध युवकों और अन्य व्यक्तियों की भी चेकिंग की गई। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमों ने विशेष सतर्कता बरती।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
पुलिस टीमों ने छात्राओं को वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इन नंबरों के माध्यम से तत्काल मदद ली जा सकती है।
पुलिस ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक किया। साइबर अपराधों से बचने के लिए अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी बरतने, निजी जानकारी साझा न करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चेकिंग और जागरूकता अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।