विकासखंड ददरौल के निजामपुर गोटिया स्थित गौशाला में मंगलवार को निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। गौवंश के रखरखाव, चारा-पानी और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर डीएम ने संबंधित ग्राम सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को फटकार लगाते हुए गौशाला की व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने गौशाला पहुंचकर वहां संरक्षित गौवंश की संख्या, उनके स्वास्थ्य, चारा-भूसा, पेयजल और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपलब्ध चारा और भूसे का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई।
डीएम ने निर्देश दिए कि गौवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। बीमार और कमजोर पशुओं को चिह्नित कर उनका तत्काल उपचार कराने के साथ ही गौशाला परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गौशालाओं में गौवंश की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौशाला में रहने वाले प्रत्येक गौवंश की उचित देखभाल सुनिश्चित की जाए। शासन की मंशा के अनुरूप उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौशालाओं की नियमित समीक्षा और निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में भी व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।