गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में मंगलवार को जर्जर प्राथमिक विद्यालय की बिल्डिंग गिराते समय बड़ा हादसा हो गया। भवन की जर्जर बिल्डिंग से अचानक बीम गिरने से उसके नीचे दबकर शिक्षामित्र गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन की ओर से जर्जर स्कूल भवनों को गिराने के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के कुबेरपुर गौंटिया स्थित जर्जर प्राथमिक विद्यालय के भवन को धराशायी किया जा रहा था। इसी दौरान वहां शिक्षामित्र भी पहुंच गए और तोड़े जा रहे भवन को देखने लगे।
बताया गया कि जब वह वहां से वापस निकल रहे थे, तभी अचानक भवन का एक बीम उनके ऊपर आ गिरा। बीम के नीचे दबने से शिक्षामित्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों और मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजन गंभीर रूप से घायल शिक्षामित्र को उपचार के लिए बरेली ले गए। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।