ओमकार गंगवार,मीरगंज(बरेली)।
गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर सोमवार को जनपद बरेली के मीरगंज नगर पंचायत के मोहल्ला रतनपुरी स्थित शिव मंदिर में गणपति बप्पा की प्रतिमा का भव्य आगमन हुआ। भगवान गणेश की प्रतिमा के मंदिर परिसर में पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए। जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु गणेश भक्ति में लीन नजर आए।
सनातन परंपरा में भगवान गणेश को प्रथम पूज्य एवं विघ्नहर्ता माना गया है। किसी भी शुभ कार्य से पहले भगवान गणेश का स्मरण और पूजन करने की परंपरा है। इसी धार्मिक भावना के साथ रतनपुरी में गणेश चतुर्थी पर्व की शुरुआत श्रद्धा और आस्था के वातावरण में की गई।
मंदिर परिसर में पुरोहित पंडित राजबहादुर शर्मा ने मंत्रोच्चार और वैदिक विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का पूजन एवं स्वागत कराया। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से परिवार और समाज की सुख-शांति, समृद्धि तथा सभी प्रकार के विघ्नों के निवारण की प्रार्थना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक गणेश जी की आरती उतारी। आरती के दौरान मंदिर परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
गणेश प्रतिमा के आगमन को लेकर मोहल्ले के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। आयोजकों ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
पूजन कार्यक्रम में सभासद सत्यवीर गंगवार उर्फ बब्लू, अभिषेक गंगवार उर्फ जग्गू कुर्मी, धर्मेंद्र गंगवार, हरनाम गंगवार, दुष्यंत गंगवार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। गणपति बप्पा के आगमन से रतनपुरी का माहौल पूरी तरह भक्तिरस से सराबोर नजर आया।