नगर निगम क्षेत्र में सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य सेक्टर योजना के प्रथम चरण के तहत 7 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से 10 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। महानगर के अलग-अलग क्षेत्रों में होने वाले इन कार्यों से जर्जर सड़कों की स्थिति सुधारने के साथ जलनिकासी की व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा।
विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और महापौर अर्चना वर्मा ने विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।चार हॉट मिक्सऔर छह सीसी सड़कें बनेंगी
राज्य सेक्टर योजना के प्रथम चरण में स्वीकृत परियोजनाओं के तहत चार हॉट मिक्स (डामर) सड़कों और छह सीसी सड़कों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर नालियों का निर्माण भी होगा। कार्य सुभाष नगर, ककरा खुर्द, ककरा, अजीजगंज समेत महानगर के अन्य क्षेत्रों में कराए जाएंगे।
सुभाष नगर में मुख्य मार्गों पर सीसी सड़क और नाली निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। इसके अलावा सुभाष नगर तिराहे से स्मार्ट रोड और कनौजिया हॉस्पिटल तिराहे तक सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। ईदगाह से ककरा कला और लोहारों वाले चौराहे से ककरा न्यू सिटी मार्ग तक हॉट मिक्स सड़क का निर्माण किया जाएगा।
नाली निर्माण से जलभराव की समस्या होगी कम
परियोजना के तहत ककरा खुर्द, ककरा नगर निगम कार्यालय के सामने और अजीजगंज क्षेत्र में सीसी सड़क के साथ नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा। इससे इन क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शिलान्यास के बाद संबंधित विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। सड़क निर्माण और नाली निर्माण पूरा होने के बाद महानगर के विभिन्न इलाकों में आवागमन और जलनिकासी व्यवस्था में सुधार आएगा। लंबे समय से सड़क और नाली की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रों के लोगों को भी इससे राहत मिलने की उम्मीद है।