जागरण टुडे, पुवायां (शाहजहांपुर)।
सड़क किनारे पेड़ों पर बंदरों की उछलकूद एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। रविवार सुबह बड़ागांव के पास पेड़ की मोटी डाल टूटकर चलती बाइक पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
लखीमपुर खीरी जिले के सिसोरा अहमद गांव निवासी अरशद अपने चचेरे भाई शबी हसन के साथ बाइक से यूकेलिप्टस के पौधे लेकर शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र में बेचने आ रहे थे। सुबह दोनों बड़ागांव के पास पहुंचे ही थे कि सड़क किनारे लगे पेड़ों पर बंदरों का झुंड उछलकूद करने लगा। इसी दौरान पेड़ की एक मोटी डाल अचानक टूटकर उनकी बाइक पर आ गिरी।
डाल गिरते ही दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अरशद के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शबी हसन गंभीर रूप से घायल हो गए। संयोगवश उसी समय आगे-पीछे चल रहे अन्य वाहन चालक इस हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुवायां पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अरशद को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल शबी हसन का उपचार शुरू किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत के अनुसार आगे की चिकित्सीय व्यवस्था की गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। अरशद अपने पीछे पत्नी चंदा तथा चार बच्चों आजम, अनस, अरकान और सुबुही को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे पुराने पेड़ों की सूखी डालियां अक्सर खतरा बनी रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे पेड़ों की समय-समय पर छंटाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।