जागरण टुडे, बरेली।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में सौतेले बच्चे के साथ कथित रूप से अमानवीय तरीके से मारपीट किए जाने के मामले में राज्य महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुष्पा पाण्डेय ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने थाना प्रेमनगर प्रभारी से दूरभाष पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि मामले में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आयोग की सदस्य ने चाइल्ड हेल्पलाइन विभाग को भी तत्काल हस्तक्षेप करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बच्चे की सुरक्षा, काउंसलिंग तथा आवश्यक कानूनी और संरक्षण संबंधी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा है, ताकि पीड़ित बच्चे के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुष्पा पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अमानवीय व्यवहार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना राज्य महिला आयोग की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं भी बच्चों के साथ हिंसा या उत्पीड़न की घटना सामने आए तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।