मेधावी छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान, कार्यक्रम की तैयारी में जुटे संगठन पदाधिकारी
ऑल इंडिया महापदमनंद कम्युनिटी एजुकेटेड एसोसिएशन (एआईएमसीइए) के तत्वावधान में आगामी 12 जुलाई (रविवार) को मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं समाज की एकजुटता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिभा सम्मान समारोह एवं मंडलीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग भाग लेंगे।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में नंद, सेन, सविता और श्रीवास्तव समाज के लोग एक मंच पर जुटेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का संदेश देना है।
कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए एआईएमसीए की टीम लगातार समाज के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान चला रही है। पदाधिकारी घर-घर और समाज के प्रमुख लोगों से संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।
इस अभियान में मंडल अध्यक्ष बृजेश कुमार सविता, जिलाध्यक्ष अमर नंद और रवि शंकर एडवोकेट सहित संगठन के कई पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उनका कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का सम्मान समाज के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
मंडल अध्यक्ष बृजेश कुमार सविता ने समाज के सभी लोगों से सहयोग करने और कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मेधावी बच्चों की हौसला अफजाई और समाज में शिक्षा का वातावरण मजबूत करने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन सामाजिक एकता, शिक्षा और प्रतिभाओं के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर होगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी अपेक्षित है।