राम राज्य दल एवं राजार्य सभा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मॉडल टाउन स्थित आर्य समाज मंदिर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराम दरबार के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद वैदिक परंपरा के अनुसार वेद मंत्रोच्चार, गणेश वंदना और सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। डॉ. रीता शर्मा ने सरस्वती वंदना तथा गार्गी शर्मा ने भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में राम राज्य दल के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा ने संगठन की विचारधारा, सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। गौ संरक्षण और गौ सेवा को संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश की सेवा, शिक्षा, सामाजिक सहयोग, जनजागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
मुख्य अतिथि युवा समाजसेवी पार्थ गौतम ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली छात्रों, समाजसेवियों, साहित्यकारों, कवियों और पत्रकारों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज के विकास और सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुरूप योगदान देना चाहिए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठजनों और समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करना प्रेरणादायी पहल है।
समारोह में रोहताश आर्य, रमेश चंद्र गुप्ता, राजीव आर्य, पंडित इंद्रदेव, सोहन लाल आर्य, हर्षवर्धन विज, रणधीर प्रसाद गौड़, सुरेश चंद्र आर्य, गया राम आर्य, जितेंद्र आर्य, रवि कुमार शुक्ला, रामनाथ शर्मा, विष्णु अग्रवाल, उपेंद्र सक्सेना, अशोक उप्रेती, प्रवीण शर्मा, उमेश त्रिगुणायत सहित विभिन्न क्षेत्रों की अनेक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। पत्रकारिता क्षेत्र से विशाल गुप्ता, संजय श्रीवास्तव, मनोज सक्सेना, अशोक गुप्ता, सचिन भारतीय, प्रेमपाल, धीरज कुमार, प्रदीप सक्सेना, त्रिभुवन सागर, गार्गी शर्मा और महिमा गुप्ता को भी सम्मान प्रदान किया गया।
अखिल भारतीय राजार्य सभा के महामंत्री डॉ. रामकुमार आर्य ने अपने संबोधन में जलभराव, बढ़ते प्रदूषण और भ्रष्टाचार जैसी सामाजिक चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता, जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से इन समस्याओं का समाधान संभव है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्था के कोषाध्यक्ष करुणा निधि गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संचालन साहित्यकार रोहित राकेश ने किया। कार्यक्रम में केशव भदौरिया, डॉ. नूनू बैठा, मनोज शर्मा, रेखा शंखधार, संतोष मिश्रा, संगीता शर्मा, सुषमा मिश्रा, सुरेंद्र मिश्रा, राजीव शर्मा, हेमंत शर्मा, उत्कर्ष शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।