उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति सरल श्रीवास्तव ने रविवार को बरेली से होकर गुजरने के दौरान सर्किट हाउस में कुछ समय के लिए विश्राम किया। इसकी जानकारी मिलने पर बरेली बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज कुमार हरित और सचिव दीपक पांडे ने उनसे शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के दौरान बार पदाधिकारियों ने न्यायमूर्ति सरल श्रीवास्तव से बरेली के न्यायिक एवं प्रशासनिक तंत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने जनपद के अधिकारियों की कार्यशैली तथा अधिवक्ताओं से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों से भी उन्हें अवगत कराया। बातचीत में न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार हरित ने न्यायमूर्ति सरल श्रीवास्तव को बरेली बार एसोसिएशन के प्रांगण में आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। इस पर न्यायमूर्ति श्रीवास्तव ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि वह शीघ्र ही बरेली बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में शामिल होने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बार पदाधिकारियों से कहा कि अधिवक्ताओं अथवा न्यायिक व्यवस्था से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त होने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बार पदाधिकारियों ने न्यायमूर्ति श्रीवास्तव के सकारात्मक आश्वासन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी।